फोटो:पुलिस और भीड़ आमने सामने,पथराव से सड़क का हाल,जलता हुआ वाहन,मृतक नईम और बिलाल
TTN Desk
उत्तर प्रदेश के संभल की जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान भड़की हिंसा में तीन युवकों की मौत हो गई। एसपी संभल ने इसकी पुष्टि की है। एक युवक के परिजन का दावा है कि पुलिस की गोली से मौत हुई है। इधर, दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही शहर में फिर तनाव हो गया। सपा सांसद बर्क के इलाके में पथराव की घटना हुई है। हिंसा के बाद डीआईजी, आईजी मौके पर पहुंच चुके हैं।
O अचानक पहुंची भीड़
दरअसल, रविवार सुबह मस्जिद के सर्वे के लिए टीम पहुंची थी। इस दौरान करीब दो हजार की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंच गए। उन्होंने सर्वे का विरोध किया। भीड़ मस्जिद के अंदर जाने पर अड़ गई।
O मृतकों में नईम अहमद और बिलाल अंसारी की पहचान हुई
संभल हिंसा में जिन 3 युवकों की मौत हुई है,उनमें दो की पहचान हुई है। उनका नाम नईम अहमद और बिलाल अंसारी बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने हिंसा में मरने वाले लोगों के नाम और फोटो जारी नहीं किए।
O पुलिस ने रोका तो शुरू हुआ पथराव
पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इसके बाद भगदड़ जैसे हालात हो गए। अचानक पथराव शुरू हो गया, पुलिस को भागना पड़ा। बवाल इतना बढ़ गया कि पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले दागे फिर लाठीचार्ज करके भीड़ को खदेड़ा। हालात कई घंटे से बेकाबू है। कई घंटों तक गलियों में जगह-जगह पथराव होता रहा।
O जामा मस्जिद सर्वे का यह है मामला
हिंदू पक्ष की ओर से न्यायालय में जो वाद दायर किया गया है। उसमें उन्होंने हरिहर मंदिर होने का दावा किया है। न्यायालय ने कोर्ट कमिश्नर नियुक्त कर दिया है। मंगलवार को कोर्ट कमिश्नर ने मस्जिद पहुंचकर सर्वे भी किया था। करीब दो घंटे तक वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की गई थी। कोर्ट कमिश्नर 29 नवंबर को न्यायालय में रिपोर्ट पेश करेंगे।
O सुरक्षा बढ़ाई गई
इस सर्वे के बाद से जामा मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस वाद को दायर करने में वादीगण में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता हरिशंकर जैन, पर्थ यादव, महंत ऋषिराज गिरि, राकेश कुमार, जीतपाल सिंह यादव, मदनपाल, वेदपाल और दीनानाथ शामिल हैं। हरिशंकर जैन के बेटे विष्णु शंकर जैन इस मामले में अधिवक्ता के तौर शामिल हैं।