TTN Desk
उत्तराखंड में ंबद्रीनाथ और माणा गांव के पास आए हिमस्खलन में अभी भी 25 मजदूर दबे हुए हैं। चमोली के डीएम संदीप तिवारी ने मीडिया को जानकारी दी है कि 57 मजदूरों में से 32 को रेस्क्यू कर लिया गया है। इस हादसे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने DG, ITBP और DG, NDRF से बात की है। इंडियन आर्मी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हिमस्खलन सुबह करीब सवा सात बजे आया, जिसमें माणा और बद्रीनाथ के बीच एक मजदूरों का कैंप प्रभावित हुआ। इस भूस्खलन की वजह से आठ कंटेनर्स और एक शेड में 57 मजदूर दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही इंडियन आर्मी की टीमें तुरंत घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के लिए पहुंच गईं। इन टीमों में डॉक्टर भी शामिल हैं। इंडियन आर्मी ने बताया कि 11:50 बजे तक रेस्क्यू टीम ने पांच कंटेनरों का पता लगा लिया था और 10 लोगों को रेस्क्यू कर लिया था। रेस्क्यू किए गए लोगों में चार की हालत गंभीर है। इंडियन आर्मी के जवान अभी भी तीन कंटेनर्स को खोज रहे हैं।
O मौसम खराब इसलिए हेलीकॉप्टर की मदद नहीं : सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में खराब मौसम के कारण बचाव अभियान के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का उपयोग नहीं किया जा सका। धामी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि बचाव अभियान चल रहा है। खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा का उपयोग नहीं किया जा सकता है। हम मजदूरों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। पीएम और गृह मंत्री के कार्यालय हमारे संपर्क में हैं।