TTN Desk
आरएसएस नेता संजय जोशी को फेसबुक पर उनके जन्मदिन की बधाई देना बीजेपी के गढडा मंडल अध्यक्ष प्रकाश साकलिया को भारी पड़ गया।पहले पार्टी ने उनका इस्तीफा मांगा और जब उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया तो अब उन्हें पद से हटा कर नए मंडल अध्यक्ष के रूप में दिलीप डाभी की नियुक्ति रविवार को कर दी गई।
दरअसल हुआ यूं कि प्रकाश भाई ने विगत 6 अप्रैल को एक फेसबुक पोस्ट की। जिसमें उन्होंने संजय जोशी के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए जन्मदिन की बधाई दी।
बोटाद जिला भाजपा अध्यक्ष मयूर पटेल ने प्रदेश नेतृत्व का हवाला देते हुए उन्हें टेलीफोन कॉल पर ही प्रकाश भाई को इस्तीफा देने कहा जिस पर उन्होंने इनकार कर दिया।बीजेपी नेता प्रकाश भाई का कहना है कि उनके संजय जोशी से वर्षों पुराने संबंध है ऐसे में उन्हें जन्मदिन की बधाई दे कुछ भी गलत नहीं किया है।इधर जिलाध्यक्ष मयूर पटेल का कहना है कि प्रकाश भाई के कारण यहां राजनीतिक माहौल में सरगर्मी आ गई थी और विवाद की स्थिति बन रही थी।ऐसे में अब नए मंडल अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद स्थिति ठीक हो जाएगी। नए अध्यक्ष डाभी ने कहा है कि वे पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
O बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चर्चा में है जोशी का नाम
यहां यह उल्लेखनीय है कि कभी साथ साथ संघ का कार्य करने वाले नरेंद्र मोदी और संजय जोशी के बीच बाद में संबंध बेहद बिगड़ गए।मोदी पहले सीएम फिर पीएम बन कर बहुत ताकतवर हो गए।वहीं संजय जोशी को एक विवादित सीडी कांड के बाद पार्टी से हटा दिया गया।अब पिछले कुछ अरसे से एकाएक बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए संजय जोशी का नाम संघ की पसंद के रूप में केंद्र में है।उनके जन्मदिन 6 अप्रैल को उनके दिल्ली निवास पर भी खासा जमावड़ा लगा था।