गोल्डन बॉय के सात फेरे : नीरज चोपड़ा ने की गुपचुप शादी, जानिए कौन हैं ओलंपिक मेडलिस्ट की दुल्हन

OO ओलंपियन नीरज चोपड़ा ने शादी कर ली है और हनीमून के लिए विदेश चले गए है।शादी की जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शादी से जुड़ी तस्वीरें शेयर करते हुए दी , जिसमें लिखा- ‘जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की।’

TTN Desk

हरियाणा के रहने वाले ओलिंपियन नीरज चोपड़ा ने शादी कर ली है। उन्होंने सोनीपत के लड़सौली गांव की रहने वाली टेनिस प्लेयर हिमानी मोर के साथ सात फेरे लिए हैं। उनके पिता चांद राम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से करीब 2 महीने पहले ही रिटायर हुए हैं। हिमानी के पिता ने गांव में खेल स्टेडियम बनाया हुआ है। वह यहां खिलाड़ियों को सर्कल कबड्‌डी खिलाते हैं।

नीरज के चाचा सुरेंद्र चोपड़ा का कहना है कि शादी का कार्यक्रम बहुत ही गुप्त रखा गया था। शादी में सिर्फ दूल्हा और दुल्हन के परिवार के सदस्य शामिल हुए। गांव और रिश्तेदारी में भी किसी को शादी के बारे में नहीं पता था। सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सभी को शादी की सूचना मिली।

यह शादी 17 जनवरी को भारत में हुई है। नीरज अपनी दुल्हनिया के साथ आज यानी रविवार सुबह विदेश में घूमने के लिए गए हैं। उनके वापस भारत लौटने के बाद ही रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया जाएगा।

O स्कूल टाइम में टेनिस खेलना शुरू किया हिमानी मोर ने

सोनीपत के लिटिल एंजेल स्कूल में पढ़ाई के दौरान टेनिस खेलना शुरू किया था। हिमानी की मां मीना ने उन्हें शुरुआती दौर में ट्रेनिंग दी। उन्होंने गांव छोड़कर सोनीपत में किराए का मकान लिया। खेल के साथ-साथ दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस कॉलेज से ग्रेजुएशन की। अब वह न्यू हैम्पशर में फ्रैंकलिन पियर्स यूनिवर्सिटी में ‘स्पोर्ट्स मैनेजमेंट’ की पढ़ाई कर रही हैं।

इसके बाद वर्ष 2017-18 में ताइवान में आयोजित विश्वविद्यालय टेनिस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

मां के अलावा पिता चांद राम मोर ने भी बेटी को हमेशा आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। हिमानी का छोटा भाई हिमांशु भी टेनिस का खिलाड़ी है। साथ ही 2 चचेरे भाई इंटरनेशल खिलाड़ी रहे है ।

नीरज चोपड़ा की पत्नी हिमानी मोर USA की किसी स्पोर्ट्स एकेडमी में ट्रेनिंग ले रही हैं।

O मनु भाकर से चलीं थी शादी की अटकलें

पेरिस ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज की ओलिंपियन शूटर मनु भाकर से शादी की चर्चाएं चली थीं, लेकिन परिवार के लोगों ने इस बात से इनकार कर दिया था। तब मनु भाकर की मां सुमेधा ने कहा था कि वो (मनु) अभी बहुत छोटी हैं। अभी इस बारे में नहीं सोचा है। भगवान जो चाहेंगे, भविष्य में वही होगा।

वहीं नीरज चोपड़ा के परिवार ने कहा था कि नीरज की उम्र अभी देश के लिए और खेलने की है। नीरज भी हमेशा देश के लिए अभी और मेडल लाने की बात कहते हैं। वे नीरज की शादी तब ही करेंगे, जब वह खुद ही कहेंगे। उन पर शादी का कोई दबाब नहीं होगा।