TTN Desk
मशहूर गायिका शारदा सिन्हा का निधन हो गया है। शारदा सिन्हा बीमार थीं और दिल्ली के AIIMS में उनका इलाज चल रहा था। 72 साल की उम्र में उन्होने आखिरी सांस ली। बेटे अंशुमान सिन्हा ने फेसबुक पोस्ट कर मां शारदा सिन्हा के निधन की जानकारी दी है। महापर्व के गीत गाकर मशहूर हुईं शारदा सिन्हा का निधन छठ पूजा के ही पहले व्रत यानी नहाय-खाय के दिन हुआ है। इससे पहले सोमवार को शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमान सिन्हा ने अपने फेसबुक पर अपनी मां की स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए लिखा था, ‘शारदा सिन्हा मां कुछ देर पहले वेंटिलेटर पर चली गई हैं। यह खबर इस बार सच है। प्रार्थनाओं और दुआओं की बहुत जरुरत है।’
2018 में पद्मभूषण से सम्मानित
गायिका शारदा सिन्हा को साल 2018 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। शारदा सिन्हा द्वारा छठ पूजा पर आधारित गीत ‘हो दीनानाथ’ को लोगों ने खूब सराहा था। शारदा सिन्हा का जन्म 1 अक्टूबर, 1952 को सुपौल जिले के एक गांव हुलसा में हुआ था। बेमिसाल शख्सियत शारदा सिन्हा को बिहार कोकिला के अलावा भोजपुरी कोकिला, भिखारी ठाकुर सम्मान, बिहार रत्न, मिथिलि विभूति सहित कई सम्मान मिले हैं। शारदा सिन्हा ने भोजपुरी, मगही और मैथिली भाषाओं में विवाह और छठ के गीत गाए हैं जो लोगों के बीच काफी प्रचलित हुए।
प्रशंसकों में शोक
सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक उन्हें याद करके श्रद्धांजलि दे रहे हैं. खासकर छठ महापर्व के बीच में उनका इस दुनिया से जाना लोगों को अधिक रूला गया है. हालांकि शारदा सिन्हा आज भी और आने वाले दिनों में भी अपनी गीतों के माध्यम से सबके अंदर जीवित रहेंगी.
कुछ दिनों पहले ही पति का भी निधन
बता दें कि शारदा सिन्हा के पति का निधन हाल में हो गया था. ब्रेन हैमरेज के कारण उनका देहांत हो गया था. इसी साल दोनों ने अपनी शादी की 54वीं सालगिरह भी मनायी थी. गौरतलब है कि शारदा सिन्हा लोकप्रिय गायिका थीं और अपने गाये छठ गीतों को लेकर बिहार में वो काफी प्रसिद्ध रही हैं. संगीत में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए उन्हें पद्म श्री और पद्म विभूषण सम्मान तक मिला है.