TTN Desk
साहित्य के क्षेत्र में 2024 का नोबेल पुरस्कार दक्षिण कोरियाई लेखिका हान कांग को दिया गया. रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने उनके गहन काव्यात्मक गद्य को सम्मानित किया है, जो ऐतिहासिक आघात और मानव जीवन की नाजुकता को उजागर करता है. हान कांग अपनी गहन लेखनी और मानवीय भावनाओं की गहराई को प्रस्तुत करने के लिए जानी जाती हैं. हान कांग का जन्म 1970 में दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में हुआ था. 9 साल की उम्र में, उनका परिवार सियोल चला गया. वह एक साहित्यिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जहाँ उनके पिता भी एक प्रतिष्ठित उपन्यासकार हैं.
गहन काव्यात्मक गद्य की खासियत
हान कांग को उनकी अनूठी शैली के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है. उनके गद्य में इतिहास के दर्दनाक अनुभवों को बड़े संवेदनशील और काव्यात्मक तरीके से चित्रित किया गया है. उनके लेखन की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वो इंसानी जीवन की जटिलताओं और संवेदनाओं को सरल लेकिन मार्मिक ढंग से सामने लाती हैं, जो पाठकों को गहराई से सोचने पर मजबूर कर देती है. उनकी प्रसिद्ध किताबों में “द वेजिटेरियन,” “द व्हाइट बुक,” “ह्यूमन एक्ट्स,” और “ग्रीक लेसन्स” शामिल हैं. इन कृतियों में उन्होंने मानवता, संघर्ष और आंतरिक भावनाओं को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ पेश किया है.
अब तक हुई इन नोबेल पुरुस्कारों की घोषणा
इससे पहले, रसायन विज्ञान, भौतिकी और चिकित्सा के नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की जा चुकी है. रसायन विज्ञान में डेविड बेकर, डेमिस हसाबिस और जॉन एम. जम्पर को प्रोटीन संरचना और कम्प्यूटेशनल प्रोटीन डिजाइन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए यह पुरस्कार मिला. भौतिकी में जॉन जे. हॉपफील्ड और जेफ्री ई. हिंटन को कृत्रिम तंत्रिका नेटवर्क पर उनके शोध के लिए सम्मानित किया गया.
13 को शांति और 14 को होगी अर्थशास्त्र नोबेल पुरुस्कार की घोषणा
नोबेल पुरस्कारों की शुरुआत 7 अक्तूबर से हुई थी, जब चिकित्सा के क्षेत्र में विक्टर एंब्रोस और गैरी रुवकुन को माइक्रो आरएनए की खोज के लिए सम्मानित किया गया. आने वाले दिनों में, 13 अक्तूबर को शांति के नोबेल और 14 अक्तूबर को अर्थशास्त्र के नोबेल पुरस्कार की घोषणा की जाएगी. ये पुरस्कार हर साल दुनिया के उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को दिए जाते हैं.