फ्रिज में लाश : शादी का दबाव बना रही थी तो लिवइन पार्टनर ने कर दी हत्या,9 महीने बाद खुला राज

OO मध्य प्रदेश के देवास में फ्रिज से एक महिला की सड़ी-गली लाश मिलने के बाद शुक्रवार को इलाके में सनसनी मच गई.महिला की 9 महीने पहले हत्या की गई थी। आरोप उसके लिवइन पार्टनर पर है। आरोपी शव को फ्रिज में रखकर भाग गया था। पुलिस ने उसे उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया है।

TTN Desk

देवास।बायपास स्थित वृंदावन धाम कॉलोनी में एक मकान से महिला की ये लाश बरामद हुई है. यह मामला तब सामने आया जब मकान के एक कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी.

मकान में रह रहे किराएदार बलवीर सिंह ने मकान मालिक और स्थानीय थाने को इसकी सूचना दी. पुलिस जब मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा खोलकर देखा तो फ्रिज के अंदर महिला का शव पड़ा हुआ था.

बीएनपी थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मकान मालिक धीरेंद्र श्रीवास्तव ने जुलाई 2023 में यह मकान संजय पाटीदार को किराए पर दिया था। संजय ने जून 2024 में मकान खाली कर दिया, लेकिन एक कमरे में अपना कुछ सामान छोड़ दिया था, इसमें एक फ्रिज भी है। इसी में महिला की लाश मिली।
एसपी पुनीत गेहलोद ने बताया कि इंदौर में रहने वाले धीरेंद्र श्रीवास्तव के मकान में बलवीर राजपूत लंबे समय किराए से रह रहे थे। बलवीर के पहले इस मकान में रहने वाले किराएदार ने दो कमरे लॉक कर रखे थे। गुरुवार को बलवीर ने इन कमरों को खोलकर साफ-सफाई की थी। शुक्रवार सुबह फ्रिज को खोला तो उसमें से एक महिला की लाश मिली।

महिला के साथ लिवइन में था उज्जैन का संजय बलवीर की सूचना पर पुलिस जब मौके पर पहुंची और आस-पड़ोस में पूछताछ की। पड़ताल में पता चला कि उक्त मकान में बलवीर से पहले इंगोरिया उज्जैन निवासी संजय पाटीदार रहता था। संजय के साथ पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति मकान में रहती थी। पड़ोसियों ने बताया कि प्रतिभा को मार्च 2024 के बाद से किसी ने नहीं देखा। संजय पाटीदार ने बताया था कि प्रतिभा मायके गई है। इसका पता चलते ही एएसपी जयवीर भदौरिया के साथ एक टीम संजय को पकड़ने उज्जैन पहुंची।

O आरोपी बोला- शादी का दबाव बना रही थी

उज्जैन से गिरफ्त में आए संजय पाटीदार ने बताया कि प्रतिभा के साथ वह पांच साल से लिव इन में रह रहा था। तीन साल तक प्रतिभा को उज्जैन में रखने के बाद दो साल पहले वह उसे देवास लेकर आया था। यहां किराए से रखा था। संजय ने बताया कि जनवरी 2024 में प्रतिभा ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। वह उससे परेशान हो चुका था।

O गला घोंटकर की हत्या, कमरा लॉक किया

आरोपी ने बताया कि उसने इंगोरिया के ही रहने वाले अपने दोस्त विनोद दवे के साथ उसकी हत्या की प्लानिंग की। मार्च महीने में प्रतिभा का किराए के मकान पर गला घोंटा और लाश को फ्रिज में डाल दिया। फ्रिज को कपड़े से बांधकर ढंक दिया। सामान को जमाकर कमरे को लॉक कर दिया।

O आरोपी का दोस्त राजस्थान की जेल में बंद

पुलिस के अनुसार महिला का डॉक्टरों का पैनल पीएम करेगा। विनोद दवे पर राजस्थान के टोंक में एक अपराध दर्ज हुआ था, जिस मामले में वह जेल में बंद है। वहां की पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। संजय को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। महिला के बारे में अभी ज्यादा डिटेल नहीं मिल पाई है। पुलिस पड़ताल कर रही है।