तमिल फिल्म इंडस्ट्री की लेडी सुपरस्टार नयनतारा और अभिनेता-निर्माता धनुष के बीच का विवाद अब सुर्खियों में है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली नयनतारा की डॉक्यूमेंट्री ‘नयनतारा: बियॉन्ड द फेयरी टेल’ को ले कर धनुष द्वारा कानूनी नोटिस भेजने के बाद यह मामला और गहरा गया। आइए जानते हैं इस विवाद से जुड़ी प्रमुख बातें….
O विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
धनुष ने दावा किया है कि डॉक्यूमेंट्री में उनकी फिल्म ‘नानुम राउडी धान’ के कुछ दृश्य और गाने बिना उनकी अनुमति के इस्तेमाल किए गए हैं। खासकर, तीन सेकंड का एक बीटीएस (बिहाइंड द सीन्स) वीडियो, जो नयनतारा के निजी डिवाइस से लिया गया था। इसे लेकर धनुष ने 10 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग करते हुए नयनतारा और उनकी टीम को कानूनी नोटिस भेजा।
O नयनतारा ने धनुष को सुनाई खरी खोटी
धनुष के नोटिस का जवाब देते हुए नयनतारा ने अपने सोशल मीडिया पर एक ओपन लेटर शेयर किया। उन्होंने धनुष पर निशाना साधते हुए कहा कि यह उनकी “अब तक की सबसे निचली हरकत” है। उन्होंने लिखा:
“तीन सेकंड के वीडियो के लिए 10 करोड़ रुपये का दावा करना न केवल चौंकाने वाला है बल्कि आपके चरित्र पर भी सवाल उठाता है। काश, आप वही व्यक्ति होते, जो आप मंच पर अपने प्रशंसकों के सामने दिखते हैं।”
O डॉक्यूमेंट्री में विवादित क्लिप क्या है
नयनतारा ने बताया कि ‘नानुम राउडी धान’ से गाने और दृश्य इस्तेमाल करने के लिए धनुष से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) मांगा गया था। लेकिन धनुष ने इसे दो साल तक खींचा। आखिरकार, डॉक्यूमेंट्री से इन दृश्यों को हटाने का फैसला किया गया। हालांकि, तीन सेकंड का एक निजी वीडियो इस्तेमाल किया गया, जिसे लेकर विवाद खड़ा हुआ।