जेल में रामलीला:सीता माता की खोज करने गया वानर बने कैदियों का दल और फिर दो दीवार फांद हो गए फरार

TTN Desk

हरिद्वार में रामलीला मंचन के दौरान जेल से दो कैदी फरार हो गए। शुक्रवार रात दोनों वानर का रोल निभा रहे थे। माता सीता की खोज का प्रसंग चल रहा था।
वानर सेना माता सीता की खोज के लिए निकली थी। मौका मिलते ही दोनों निर्माणाधीन हाई-सिक्योरिटी बैरक के पास पहुंचे। वहां रखी सीढ़ी के सहारे 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग गए। जेल के अफसरों को घटना का पता उस वक्त चला, जब कैदियों को गिनती हुई।

रोशनाबाद जेल की घटना

इसके बाद रातभर खोजबीन हुई, लेकिन दोनों कैदियों का पता नहीं चला। घटना रोशनाबाद जेल की है। जेल 8 से 10 एकड़ में फैली है। यहां करीब 1400 कैदी बंद हैं।

एक हत्या तो दूसरा अपहरण का है आरोपी

कैदियों की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी पंकज और यूपी के गोंडा के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है। पंकज हत्या के केस में उम्रकैद की सजा काट रहा था। बाल्मीकी ग्रुप से भी जुड़ा हुआ है। वहीं, राजकुमार अपहरण के मामले में विचाराधीन है।

आखिर में गिनती हुई तो दो कैदी मिले कम

CCTV खंगाले, लेकिन कैदियों का पता नहीं चला जेल प्रशासन के एक सीनियर अफसर ने बताया- रामलीला खत्म होने के बाद कैदियों की गिनती कर बैरक के अंदर किया जा रहा था। इस दौरान दो कैदी कम पाए गए। इसके बाद जेल के अंदर उनकी तलाश की गई।

जब नहीं मिले कैदी तब दी पुलिस को सूचना

देर रात तक जेल प्रशासन अपने स्तर पर कैदियों को तलाश करता रहा। जेल में लगे CCTV के फुटेज खंगाल गए। मगर कैदियों का पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।