कोरबा / रायपुर।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल मोदी को कोरबा जिला भाजपा का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।अपनी कुशल संगठन क्षमता और पार्टी के प्रति समर्पण के लिए जाने जाने वाले गोपाल मोदी की इस नियुक्ति ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार कर दिया है।प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंह देव ने उनकी निlयुक्ति की है।याद रहे अभी तीन महीने पहले ही मनोज शर्मा को पार्टी ने जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था और अब जिले में पार्टी की कमान उनसे ले कर गोपाल मोदी को सौंप दी गई है।
सूत्रों का कहना है कि कोरबा निगम सभापति का चुनाव और उसके बाद पाली में कोल ट्रांसपोर्टिंग में वर्चस्व स्थापित करने के लिए पाली बीजेपी के ही दो गुटों के खूनी टकराव का मामला इस फेरबदल की जड़ में है।
जहां तक गोपाल मोदी का सवाल है वे एक लंबे अरसे से पार्टी के प्रति समर्पित रूप से कार्य करते रहे है।उन्होंने संगठन में विभिन्न पदों की जिम्मेदारी भी कुशलता के साथ निभाई।वे अग्रवाल सभा सहित विभिन्न सामाजिक, सेवाभावी संगठन के पदों पर भी अपने काम का लोहा मनवा चुके है।
O गोपाल मोदी ने जताया आभार, कहा…पूरी निष्ठा से निभाएंगे जिम्मेदारी
उनकी सांगठनिक कुशलता को देखते हुए ही पार्टी ने उन्हें सदस्यता अभियान प्रभारी की जिम्मेदारी भी दी थी जिसमें कोरबा सिरमौर रहा।जिला भाजपाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद गोपाल मोदी ने कहा है कि मुझे भारतीय जनता पार्टी, कोरबा का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर जो सम्मान और विश्वास प्रदान किया गया है, उसके लिए मैं प्रदेश संगठन, वरिष्ठ नेताओं और समस्त कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ।यह मेरे लिए अत्यंत गौरव और जिम्मेदारी का विषय है।मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की सेवा में सदैव तत्पर रहूँगा।