TTN Desk
पंजाब के फिरोजपुर रूरल से पूर्व विधायक सत्कार कौर और उसके ड्राइवर को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ड्रग तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया है। उनसे 100 ग्राम हेरोइन जप्त हुई है।
इस दौरान पूर्व विधायक के ड्राइवर ने पुलिस वाले पर गाड़ी चढ़ा दी जो घायल हो गया। टीम ने मौके से क्रूज और BMW गाड़ी भी पकड़ी है। इन्हें बुधवार की शाम पकड़ा गया है।
IG सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पुलिस की जांच अभी चल रही है। मोहाली के एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के थाने में केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पूर्व विधायक के घर पर रेड भी की गई। इस दौरान घर से 28 ग्राम चिट्टा और 1.56 लाख रुपए बरामद हुए है।
कांग्रेस छोड़ दो साल पहले आई बीजेपी में
सत्कार कौर 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थी। करीब 2 साल पहले आय से अधिक संपत्ति के आरोप में सत्कार कौर के घर पर विजिलेंस ने रेड की थी। विजिलेंस ने पूर्व विधायक से 5 घंटे तक पूछताछ भी की थी।
नशेड़ी ने ही की पुलिस को खबर
पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि वह नशे का आदी है। उसे एक औरत नशा बेचने के लिए मजबूर कर रही है। उसने पुलिस को कुछ कॉल रिकॉर्डिंग भी दीं। जिसमें नशे की डील को लेकर बातचीत थी।इसके बाद 2 मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया। इसमें 2 लोगों की भूमिका सामने आई। इसके बाद व्यक्ति ने पुलिस को कहा कि वह ग्राहक बनकर उनसे नशा मंगवा सकता है। उसने पूर्व विधायक से डील तय की। इस पर पुलिस ने ट्रैप लगाया।
खुद पूर्व विधायक आई सप्लाई देने
बुधवार शाम को सत्कार ड्राइवर के साथ खरड़ के बूथ वाला चौक पर नशे की सप्लाई करने आई तो टीम ने उसे काबू किया। इस दौरान सत्कार के ड्राइवर ने पुलिस कर्मचारी के पैर पर गाड़ी चढ़ा दी। हालांकि, बाद में उन्हें काबू कर लिया गया।
रुपए और 4 लक्जरी कार मिली
घर से पैकेटों में मिला कैश पूर्व विधायक को काबू करने के बाद पुलिस ने खरड़ में सन्नी एनक्लेव स्थित उनके घर की तलाशी ली। वहां पर 28 ग्राम चिट्टा और एक लाख 56 हजार कैश मिला। यह पैसे छोटे-छोटे पैकेटों में रखे हुए थे। कुछ गोल्ड भी बरामद हुआ है।
घर से मिली 4 गाड़ियां, नंबर प्लेट बरामद IG सुखचैन सिंह ने बताया कि घर पर 4 वाहन घर मिले हैं। एक फॉर्च्यूनर कार, वरना, BMW और एक अन्य शामिल है। तीन गाड़ियों के नंबर हरियाणा व दिल्ली के थे। वहीं पांच नंबर प्लेट बरामद हुई हैं, जो कि इन गाड़ियों से अलग हैं। इससे साफ है कि वह नशे के कारोबार में शामिल हैं। पुलिस की सर्च जारी है।