कांग्रेस अध्यक्ष के फेसबुक पेज को ले कर बीजेपी ने लगाया आरोप तो खड़गे के बेटे ने कहा ~ “इतने प्रभावी गृहमंत्री फिर भी…”

TTN Desk

कर्नाटक भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का सोशल मीडिया मैनेजमेंट विदेशी करते हैं। पार्टी ने 15 अक्टूबर को खड़गे के नाम से एक फेसबुक पेज के पेज इंफॉर्मेशन का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए पूछा था-अपने लोगों के बजाय विदेशी संचालकों पर भरोसा क्यों? भारत ने आपको इतना कुछ दिया है, तो यह विश्वासघात क्यों?
दरअसल, इसमें लिखा है कि पेज को नॉर्वे से मैनेज किया जाता है। वहीं, मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक सरकर में आईटी मंत्री प्रियांक खड़गे ने भी उसी दिन X पर लिखा- वह पेज फर्जी है। फेसबुक से इसे हटाने के लिए भी कहा गया है। खड़गे के सिर्फ दो ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट हैं।प्रियांक ने उन दोनों अकाउंट के लिंक भी साझा किए जिनमें से एक खड़गे के X अकाउंट और दूसरा उनके व्हाट्सएप चैनल का है।

कर्नाटक भाजपा और प्रियंक खड़गे का वार-पलटवार

कर्नाटक भाजपा ने X पर पोस्ट किया- वक्फ की जमीन हड़पने के लिए चर्चा में रहे मल्लिकार्जुन खड़गे का सोशल मीडिया मैनेजमेंट विदेश से किया जा रहा है। हम कांग्रेस की जाति के आधार पर बांटने वाली राजनीति के पीछे विदेशी प्रभाव के बारे में चेतावनी देते रहे हैं और यह इसकी पुष्टि करता है। अपने लोगों के बजाय विदेशियों पर भरोसा क्यों? भारत ने आपको इतना कुछ दिया, फिर यह विश्वासघात क्यों?

भाजपा के पोस्ट पर पलटवार करते हुए प्रियांक ने लिखा- भारत के इतिहास में सबसे प्रभावी गृह मंत्री होने के बावजूद, बीजेपी यह तय नहीं कर सकती कि विपक्ष के नेता का अकाउंट असली है या नहीं। मैं बीजेपी के आईटी सेल के प्रयास की सराहना करता हूं। उन्होंने सिर्फ 2 रुपए के लिए कांग्रेस अध्यक्ष श्री खड़गे के खिलाफ सोशल मीडिया कैंपेन शुरू किया है।

प्रियांक खड़गे ने आगे कहा- राष्ट्रीय मुद्दों पर ध्यान लगाने के बजाय भाजपा एक बंद पड़े फेसबुक पेज की जांच में लगी है, जो 2020 से एक्टिव नहीं है। अकाउंट किसी अपरिचित ईमेल से जुड़ा हुआ है। एक फेसबुक ब्लू टिक आसानी से पेड सब्सक्रिप्शन के जरिए लिया जा सकता है। हमें नहीं पता कि इसके पीछे कौन है, इसलिए हमने फेसबुक से इसे हटाने का अनुरोध किया है।