TTN Desk
हरियाणा की जानी मानी हस्ती या यूँ कहें कि काफी लंबे समय प्रदेश की कमान संभालने वाले चौटाला अब हमारे बीच नहीं रहे। हरियाणा की राजनीति के लिए आज बेहद दुखद भरा दिन है। दरअसल, आज यानी शुक्रवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है। आपकी जानकारी के लिए बता दें उनका निधन 93 की उम्र में हुआ है। बताया जा रहा है की वो काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे जिसके बाद उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। वहीँ अब कई बड़े दिग्गज नेता उनके निधन पर काफी निराश नजर आ रहे हैं और उनके परिवार को सांत्वना रहे हैं।राज्य सरकार ने कल एक दिन की छुट्टी और तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।
O पार्थिव देह ले जाई जाएगी पैतृक गांव
हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश के निधन के बाद पूरेे प्रदेश में शोक की लहर है। इसी बीच चौटाला परिवार ने जानकारी दी है कि ओम प्रकाश चौटाला का पार्थिव शरीर आज शाम तक उनके पैतृक गांव चौटाला (सिरसा) ले जाया जाएगा। वहां अंतिम दर्शनों के लिए उनके निवास पर पार्थिव शरीर रखा जाएगा। इसके बाद गांव में ही पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
O हरियाणा की राजनीति में अहम भूमिका
ओमप्रकाश चौटाला हरियाणा की राजनीति के एक बड़े स्तंभ माने जाते थे। वे चौधरी देवीलाल के पुत्र थे, जो खुद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के उपप्रधानमंत्री रह चुके हैं। चौटाला ने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभालते हुए हरियाणा की राजनीति में गहरी छाप छोड़ी है। वे 5 बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे और किसान, मजदूर और आम जनता के मुद्दों को लेकर सदैव सक्रिय रहे।
O 2013 में जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले में जेल जाना पड़ा
चौटाला का जीवन राजनीतिक उपलब्धियों और विवादों से भरा रहा। 2013 में जेबीटी शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा। हालांकि, इस कठिन समय के बावजूद उन्होंने अपनी पार्टी को सक्रिय रखा और समर्थकों के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी।
O हुड्डा ने जताया दुःख
इस दौरान हरियाणा के पूर्व CM भूपेंद्र हुड्डा का भी बयान सामने आया। दरअसल उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में हमारे साथी रहे चौ. ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन का समाचार दुःखद है। उनसे हमारे पारिवारिक संबंध रहे और अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने प्रदेश के विकास में काफी योगदान दिया।दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि और परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। भगवान् से प्रार्थना है कि दुःख की इस घड़ी में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करें।